Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या: श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर भव्य गेट कॉम्प्लेक्स...

अयोध्या: श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर भव्य गेट कॉम्प्लेक्स तैयार

अयोध्या, 10 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर रामनगरी अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हो गई है। अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर फिरोजपुर गांव के निकट 20.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य गेट कॉम्प्लेक्स और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही इसका उद्घाटन होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की इस परियोजना के तहत अयोध्या-लखनऊ हाईवे के दोनों ओर आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जो अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का भव्य स्वागत करेंगे। परियोजना का निर्माण यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया गया। इसका कार्य नवंबर 2023 में शुरू हुआ था और फरवरी 2026 में पूरा कर लिया गया।

गेट कॉम्प्लेक्स में पारंपरिक भारतीय वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है। परिसर में सड़क निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, सीवर लाइन, ड्रेनेज सिस्टम, सिंचाई लाइन, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, फायर फाइटिंग सिस्टम तथा आंतरिक विद्युतीकरण जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा हरित क्षेत्र और सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा के अनुसार, यह गेट कॉम्प्लेक्स न केवल अयोध्या के प्रवेश मार्ग को भव्य स्वरूप देगा, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय व्यापार, होटल और परिवहन क्षेत्र को भी लाभ पहुंचाएगा। वर्तमान में परियोजना के हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है।

राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में तेजी से विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे के बीच यह परियोजना शहर की नई पहचान बनकर उभरेगी और श्रद्धालुओं को पहली नजर में ही अयोध्या की भव्यता का अनुभव कराएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular