रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला
आजमगढ़। अजमतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र स्थित स्मिथ इंटर कॉलेज में अध्यापकों की कमी और फीस वसूली के विरोध में सोमवार को सैकड़ों छात्रों ने कॉलेज के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह करीब सात बजे छात्र विद्यालय के बाहर जुटे और करीब दो घंटे तक नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाईं।
छात्रों ने भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित के अध्यापकों की तत्काल नियुक्ति की मांग की। छात्रों का आरोप है कि जून 2026 से विद्यालय में भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के शिक्षक नहीं हैं, जबकि गणित का लेक्चरर करीब नौ वर्षों से नहीं है। ऐसे में इन विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

शिक्षकों के बिना फीस लेने का आरोप
छात्रों का कहना है कि विद्यालय में 1100 से अधिक विद्यार्थी पढ़ रहे हैं और अभी नामांकन प्रक्रिया भी जारी है। छात्रों ने आरोप लगाया कि संबंधित विषयों के शिक्षक नहीं होने के बावजूद इन विषयों के नाम पर प्रति छात्र 50 रुपये फीस ली जा रही है।
छात्रों ने मांग की कि जब तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक इस मद में फीस नहीं ली जाए। हालांकि विद्यालय के प्रधानाचार्य रामनकुल राव ने फीस वसूली के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि छात्रों से केवल सरकारी फीस ही ली जा रही है।
पुलिस ने समझाने का किया प्रयास
छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर एसआई श्याम जी यादव मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद प्रधानाचार्य रामनकुल राव ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।
प्रधानाचार्य ने छात्रों को आश्वासन दिया कि 48 घंटे के भीतर फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित के अध्यापकों की व्यवस्था कर दी जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
प्रबंधक के नहीं पहुंचने पर नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान विद्यालय के प्रबंधक श्रीकांत गुप्त के मौके पर नहीं पहुंचने से छात्रों में नाराजगी रही। छात्रों ने कहा कि विद्यालय प्रशासन को उनकी पढ़ाई और भविष्य को गंभीरता से लेना चाहिए। छात्रों ने जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति कर पढ़ाई सुचारु कराने की मांग की।
