रिपोर्ट- गोविंद कश्यप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के सम्मेलन और कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी घोषणाएं कीं। सीएम ने प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने के साथ ही उनके दैनिक ड्यूटी भत्ते को बढ़ाकर 600 रुपये करने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों को अब प्रदेश के किसी भी सरकारी या इम्पैनल्ड अस्पताल में 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा पीआरडी स्वयंसेवकों की वर्षों से की जा रही सेवा और उनके अनुशासन के प्रति राज्य सरकार की ओर से सम्मान है।

31 हजार से अधिक जवानों को मिलेगा लाभ
सीएम योगी ने कहा कि पीआरडी के जवानों ने प्रदेश में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राजस्व से जुड़े मामलों में पुलिस और प्रशासन की मदद, ट्रैफिक व्यवस्था, चुनाव ड्यूटी और अन्य जिम्मेदारियों में पीआरडी जवान लगातार सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके सेवाभाव और योगदान को सम्मान दे रही है।
250 से बढ़कर 600 रुपये हुआ दैनिक भत्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 तक पीआरडी जवानों को प्रतिदिन 250 रुपये मिलते थे। 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये किया गया। इसके बाद 2022 में 395 रुपये और 2025 में इसे बढ़ाकर 500 रुपये किया गया।
अब सरकार पीआरडी जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने जा रही है।
मेट्रो और एयरपोर्ट सुरक्षा में भी मिलेगी जिम्मेदारी
सीएम योगी ने कहा कि पहले पीआरडी जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, लेकिन अब प्रदेश में स्थिति बदल गई है। उन्होंने कहा कि आज कई जगहों पर पीआरडी जवान ड्यूटी के लिए कम पड़ जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों को ट्रैफिक व्यवस्था, मेट्रो सुरक्षा, एयरपोर्ट सुरक्षा, विभिन्न सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा और पैमाइश के दौरान सुरक्षा जैसी जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीआरडी का जवान पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाता है।
पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर सुविधाओं का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि अच्छी सरकारें आती हैं तो बदलाव दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए अच्छी बैरक की पर्याप्त सुविधा नहीं थी, लेकिन अब प्रदेश के 56 जिलों में पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले विकास के बजाय गुंडागर्दी, दंगा और लूट को बढ़ावा दिया जाता था।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज सरकार पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं, वे पहले सत्ता में रहते हुए परिणाम देने में सक्षम नहीं थे।
सीएम ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार और माफिया को संरक्षण मिला, जिससे उत्तर प्रदेश को पिछड़े राज्य की छवि से जूझना पड़ा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
रिपोर्ट- गोविंद कश्यप
