रिपोर्ट: अजयपाल यादव
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

जानकारी के मुताबिक, सीकरी गांव में अराजक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसडीएम और सीओ समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए आसपास के कई थानों से पुलिस बल बुलाकर गांव में तैनात कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में लगातार गश्त कर रही है और हालात पर नजर बनाए हुए है।

वहीं, पुलिस ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले अराजक तत्वों की पहचान शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से भी घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सीकरी गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन की ओर से लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई है। फिलहाल पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और गांव के हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
