रिपोर्ट – अजयपाल यादव
बदायूं जिले के बिल्सी नगर में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। खैरी स्टैंड स्थित एक एयरटेल डिस्ट्रीब्यूटर ऑफिस को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित दुकान मालिक रोहित कुमार सिंह के अनुसार, अज्ञात चोर दुकान में घुसकर इनवर्टर, बैटरी, लैपटॉप और करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। आरोप है कि चोरी के दौरान चोर बिजली का बोर्ड भी तोड़ गए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
