रिपोर्ट -अजयपाल यादव
बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि अपनी खड़ी फसल में पानी काटने का विरोध करने पर दबंगों ने उसकी जमकर पिटाई की। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला करने का भी प्रयास किया।
पीड़ित के अनुसार, वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागा और शिकायत लेकर इस्लामनगर थाने पहुंचा। उसका आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।
दिव्यांग ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में मौजूद जॉनी नाम के एक सिपाही ने उसकी बात सुनने के बजाय गाली-गलौज कर उसे थाने से भगा दिया। पीड़ित का कहना है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।

घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र के जरेंडा गांव की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
