रिपोर्ट – अजयपाल यादव
बदायूं। बिल्सी-इस्लामनगर रोड स्थित खैरी गांव में कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी कर कथित तौर पर नकली पोटाश खाद तैयार करने के मामले का खुलासा किया है। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में सफेद नमक, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की हैं।
जानकारी के मुताबिक कृषि विभाग की टीम ने खैरी गांव में एक गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान मौके से करीब 300 बोरी सफेद नमक, दो सिलाई मशीनें, धागा और जनरेटर बरामद किया गया।
बताया गया कि गोदाम में इंडियन पोटाश लिमिटेड के ब्रांडेड कट्टे भी मिले। आरोप है कि इन कट्टों में नमक भरकर उसे पोटाश खाद के नाम पर किसानों को बेचने की तैयारी की जा रही थी
मामले में पुलिस ने फैक्ट्री संचालक आरिफ, निवासी पठान टोला, सहसवान समेत कुल नौ लोगों को हिरासत में लिया है। कृषि विभाग की टीम ने बरामद सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित रूप से तैयार की जा रही यह खाद कितने क्षेत्रों में सप्लाई की गई है।
