Homeउत्तर प्रदेशनमो सेवा’ के मंच से गूंजेगा मोदी की सेवा यात्रा का संदेश,...

नमो सेवा’ के मंच से गूंजेगा मोदी की सेवा यात्रा का संदेश, 22 से 28 सितंबर तक नाट्य मंचन

रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा

कानपुर। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा और राष्ट्रसमर्पण से जुड़े प्रसंगों को नाट्य मंचन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है।

इसी क्रम में 22 से 28 सितंबर तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20 स्थानों पर ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा में एक भव्य नाट्य प्रस्तुति भी होगी। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत नाट्य एवं नुक्कड़ प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत करने की योजना भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है।

रविवार को जिला भाजपा कार्यालय, नवीन मार्केट में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प से जोड़ते हुए पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के जरिए सेवा, समर्पण और जनकल्याण से जुड़े संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति सेवा और समर्पण पर केंद्रित है, जबकि विपक्षी दल परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा देते हैं।

प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा और अभिनव दीक्षित समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular