Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, प्रशासनिक भवन का घेराव

लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, प्रशासनिक भवन का घेराव

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला 

लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को ABVP से जुड़े छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान छात्रों ने कुलपति के खिलाफ भी नारे लगाए। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों की चीफ प्रॉक्टर से तीखी नोकझोंक भी हुई। चीफ प्रॉक्टर समेत प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कई सदस्य मौके पर मौजूद रहे। छात्रों को प्रशासनिक भवन में प्रवेश करने से रोकने के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स ने चैनल गेट बंद कर दिया। हालांकि, इसके बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र हंगामा करते हुए प्रशासनिक भवन परिसर में दाखिल हो गए और नारेबाजी जारी रखी।

हॉस्टल की सुविधाओं को लेकर छात्रों में नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में मेस और पानी की व्यवस्था ठीक नहीं है। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल की फीस लगातार बढ़ाई जा रही है, लेकिन सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं किया जा रहा है।

छात्रों ने मेस में खाने की गुणवत्ता और पानी की व्यवस्था में सुधार की मांग की। उनका आरोप है कि मेस का मेन्यू तैयार होने के बावजूद खाने की गुणवत्ता खराब हो रही है। पानी की समस्या के कारण भी छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वॉशरूम और शैक्षणिक सुविधाओं पर भी सवाल

छात्रों ने हॉस्टल के साथ-साथ एकेडमिक भवनों में सुविधाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि कुछ विभागों के वॉशरूम में समस्या है। इसके अलावा लिंगविस्टिक विभाग में पर्याप्त सीटें नहीं होने और ब्लैकबोर्ड खराब होने जैसी समस्याएं भी सामने रखी गईं।

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से हॉस्टल की फीस और सुविधाओं की समीक्षा करने के साथ ही मेस, पानी, वॉशरूम और शैक्षणिक संसाधनों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

RELATED ARTICLES

Most Popular