Homeउत्तर प्रदेशबदायूं में जमीन विवाद से परेशान परिवार ने घर पर लगाया पलायन...

बदायूं में जमीन विवाद से परेशान परिवार ने घर पर लगाया पलायन का पोस्टर, CM से मांगा न्याय

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उसावा थाना क्षेत्र के गांव गूरा बरेला में जमीन विवाद और कथित उत्पीड़न से परेशान एक परिवार ने अपने मकान पर पलायन का पोस्टर चस्पा कर दिया है। पीड़ित का कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह गांव छोड़ने को मजबूर होगा।

पीड़ित संजीव कुमार, पुत्र मोहर सिंह, का आरोप है कि पैतृक भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि विपक्षी पक्ष ने कथित तौर पर सरकारी खड़ंजा उखाड़ दिया, उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और पूरे परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

संजीव कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका आरोप है कि कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद उन्हें कोई प्रभावी राहत नहीं मिली।

फिलहाल मकान पर लगा पलायन का पोस्टर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की अभी तक प्रशासनिक स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular