Homeउत्तर प्रदेशचारा मशीन की चपेट में आने से किसान की दर्दनाक मौत, दोनों...

चारा मशीन की चपेट में आने से किसान की दर्दनाक मौत, दोनों पैर कटे

रिपोर्ट : अजयपाल यादव

बदायूं। जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में किसान की मौत हो गई। पशुओं के लिए चारा काटते समय किसान चारा मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से कट गए। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव बस्तुईया निवासी 53 वर्षीय सर्वेश पुत्र प्रभू बुधवार सुबह अपने पशुओं के लिए चारा मशीन से कुट्टी काट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर मशीन के पट्टे में फंस गया। देखते ही देखते वह मशीन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में किसान के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दहगवां ले जाया जा रहा था, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतक परिवार को हर संभव सहायता देने की मांग की है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular