रिपोर्ट: अजयपाल यादव
बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुंवरगांव थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 177.2 के पास एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बस सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हुई। बस में हादसे के समय करीब 20 से 25 यात्री सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

कुंवरगांव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य संभाला। पुलिस के मुताबिक फिलहाल स्थिति सामान्य है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
