Homeउत्तर प्रदेशबदायूं : ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में लाखों की अनियमितता का...

बदायूं : ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में लाखों की अनियमितता का आरोप, जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही

रिपोर्ट  : अजयपाल यादव

बदायूं: जिले के बिसौली ब्लॉक की मिठामई ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के भुगतान को लेकर कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता सूर्यभान सिंह ने आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों और मजदूरी के भुगतान के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। जांच के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) को वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिले।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, विकास कार्यों और मजदूरों के भुगतान के लिए स्वीकृत राशि कथित तौर पर कुछ चुनिंदा व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर की गई। दस्तावेजों में रामसेवक के नाम 14 वाउचरों के माध्यम से ₹2.77 लाख से अधिक का भुगतान दर्ज है। इसके अलावा केदार सिंह, शिवपाल, रामौतार, ओमवीर, ध्यानचंद, सुरेशलाल/प्रशांत और अनिल कुमार के नाम भी हजारों से लेकर लाखों रुपये तक के भुगतान का उल्लेख किया गया है।

जिला पंचायत राज अधिकारी की जांच रिपोर्ट में मामले को प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग से जुड़ा माना गया है। इसके आधार पर तत्कालीन ग्राम प्रधान के खिलाफ उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 (संशोधित 1994) की धारा 95(1)(छ) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी, बिसौली को पत्र भेजकर शिकायत के निस्तारण और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल मामले की प्रशासनिक कार्रवाई जारी है। आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब सामने आने का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular