रिपोर्ट- अजय पाल यादव
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार देर रात पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश की मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में प्रस्तावित नई जेल के पास बदमाश की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।

खुद को घिरा देख जितेंद्र उर्फ ढालू ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह गोली लगने से घायल हो गया।

घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए एक दरोगा और एक सिपाही को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों की स्थिति स्थिर है।
पुलिस ने बताया कि जितेंद्र उर्फ ढालू जिले में हुई कई डकैती और लूट की वारदातों का मुख्य आरोपी था।
हाल ही में इस्लामनगर थाना क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती के बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ डकैती, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उसका आपराधिक इतिहास बदायूं के अलावा गौतमबुद्धनगर और अमरोहा समेत कई जिलों तक फैला हुआ था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, कारतूस और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
