बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह महिलाओं की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उझानी थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा में कुल नौ लोग सवार थे। सभी एक मांगलिक कार्यक्रम के सिलसिले में ‘भात’ मांगने के लिए नजदीकी गांव जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए।
जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने हादसे में छह महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। इनमें से पांच महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए शनि, डाल सिंह और कांतवती को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के मुताबिक, घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा उस समय हुआ जब ई-रिक्शा हाईवे पर मुड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली उससे टकरा गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
मृतकों की पहचान प्रेमा, गंगाश्री, राजकुमारी, रेवती, नारायणी और आरती के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि एडीएम, एआरटीओ और एसपी सिटी की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं, पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
