गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मोहिबुल्लापुर स्थित बाल निकुंज इंटर कॉलेज (गर्ल्स विंग) के शिव सहाय जी सभागार में बुधवार को भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट परिणाम दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले 87 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और विशिष्ट पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) उमेश द्विवेदी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरु वंदना प्रस्तुत कर शिक्षकों और अतिथियों का स्वागत किया। “गुरु प्रेम बनाए रखना, चरणों में लगाए रखना” और “गुरुदेव का जो सम्मान करें, उस पर कृपा भगवान करें” जैसी प्रस्तुतियों ने सभी को भावुक कर दिया।

अपने संबोधन में एमएलसी उमेश द्विवेदी ने कबीरदास के प्रसिद्ध दोहे “गुरु गोविंद दोउ खड़े…” और “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः…” श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के संस्कार, चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण कर राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज तथा वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। समारोह का समापन गुरुजनों के सम्मान और उनके प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

