Homeउत्तर प्रदेशबाराबंकी: युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव; 16 नामजद...

बाराबंकी: युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव; 16 नामजद समेत 50 से अधिक पर मुकदमा

बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के कटियारा गांव में युवक की मौत के बाद हुए हंगामे और पुलिस पर पथराव के मामले में पुलिस ने 16 नामजद समेत 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत फांसी लगाने से दम घुटने के कारण होने की पुष्टि हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत फांसी लगाने से सांस रुकने के कारण हुई। रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई।

आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया और हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।

घटना के संबंध में पुलिस ने भूपेंद्र चौहान, चंद्रिका प्रसाद, हरिश्चंद्र, कीर्तीलाल, विवेक सिंह चौहान, अभिषेक सिंह चौहान, धीरेंद्र सिंह चौहान, मुरारी यादव, आरती चौहान, शैलेंद्र चौहान, चंदन चौहान, शिवा, राम सेवक, शिलोलचना और करन सहित 16 नामजद तथा 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, बलवा, पुलिस पर हमला और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस पर हमला करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular