शहर में मिलावटखोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एफएसडीए (खाद्य सुरक्षा विभाग) ने बड़ा कदम उठाते हुए ठिरिया क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान अलनिशा रेस्टोरेंट में खाने में फंगस लगे काजू इस्तेमाल करने की शिकायत पर टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान टीम ने रेस्टोरेंट की किचन का निरीक्षण किया और संदिग्ध काजू का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। इसके साथ ही पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, कुट्टू व सिंघाड़े का आटा, मूंगफली, कत्था, दूध और घी के नमूने भी विभिन्न स्थानों से लिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के अनुसार, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई है और सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, रेस्टोरेंट के मालिक इमरान रजा खान ने कहा कि विभाग की टीम नियमित जांच के तहत आई थी और उन्होंने पूरी तरह सहयोग किया है।
एफएसडीए की इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल है, जबकि विभाग ने साफ किया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
