रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह, बरेली
बरेली। मृतक आश्रित कोटे से कनिष्ठ लिपिक के पद पर नियुक्त रेहान खान लगातार तीन बार हिंदी टंकण परीक्षा में निर्धारित मानक हासिल नहीं कर सके। तीसरे और अंतिम अवसर में भी अनुत्तीर्ण होने के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उन्हें चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। रेहान खान वर्तमान में तहसील मीरगंज में कार्यरत हैं।
2021 में हुई थी कनिष्ठ लिपिक पद पर नियुक्ति
रेहान खान की नियुक्ति पांच जुलाई 2021 को मृतक आश्रित के रूप में कनिष्ठ लिपिक के पद पर हुई थी। नियमानुसार उन्हें हिंदी टंकण परीक्षा उत्तीर्ण करना आवश्यक था। पहली परीक्षा 25 सितंबर 2023 को हुई, जिसमें वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद दूसरा अवसर दिया गया, लेकिन 21 जून 2024 को आयोजित परीक्षा में भी वह अनुत्तीर्ण रहे।
तीसरे अवसर में भी नहीं मिली सफलता
रेहान खान को हिंदी टंकण परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए तीसरा और अंतिम अवसर दिया गया। आठ सितंबर 2026 को आयोजित परीक्षा में भी वह निर्धारित मानक पूरा नहीं कर सके। इसके बाद शासनादेश के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 16 सितंबर को आदेश जारी कर उन्हें चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्त कर दिया।
चार अन्य कर्मचारियों को भी परीक्षा का अवसर
प्रशासन ने टंकण परीक्षा में असफल अन्य मृतक आश्रित कर्मचारियों को भी परीक्षा का अवसर दिया है। राहुल कुमार और लक्ष्मी सक्सेना को हिंदी टंकण परीक्षा के लिए तीसरा एवं अंतिम अवसर दिया गया है। वहीं कंचित चौधरी और नेहा जोशी को दूसरा अवसर मिलेगा। इन कर्मचारियों को परीक्षा की तैयारी के लिए दो माह का समय दिया गया है।
