रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह बरेली
बरेली में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने शहरभर में तबाही मचा दी। करीब 20 मिनट तक चली तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़, होर्डिंग्स और बिजली के पोल गिर गए, जिससे शहर के कई हिस्सों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई इलाकों में सड़कें बाधित हो गईं, जबकि बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई। हालांकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली।
सुबह करीब साढ़े दस बजे आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की थी। तेज हवाओं के चलते दामोदर स्वरूप पार्क में एक पोल गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पोस्टमार्टम हाउस रोड और तहसील गेट के पास भी बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े।
आंधी के दौरान सेटेलाइट पुल की सर्विस रोड पर एक विशाल पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। वहीं विकास भवन के पास सड़क से गुजर रही एक कार पर पेड़ गिर गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शाहजहांपुर रोड पर भी एक अन्य कार पेड़ की चपेट में आ गई। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।
संजय नगर के होली चौराहे के पास बंटी ठाकुर वाली गली में तेज आंधी के चलते पीपल का विशाल पेड़ दो मकानों पर गिर पड़ा, जिससे मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा स्टेडियम के सामने खड़ी एक कार पर भी पेड़ गिर गया, जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और गिरे हुए पेड़ों को हटाने का काम शुरू कराया। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युत विभाग की टीमें भी जुटी रहीं।
