रिपोर्ट: अचल प्रताप सिंह, बरेली
बरेली जिले की दो बंद पड़ी चीनी मिलों की नीलामी की तैयारी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने दोनों मिलों के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू करा दी है। डीएम के निर्देश पर मिलों की संपत्तियों का आकलन कराया जा रहा है, जिसके बाद नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, बहेड़ी स्थित केसर शुगर मिल और नवाबगंज की ओसवाल चीनी मिल नीलामी की प्रक्रिया में शामिल हैं। इन दोनों मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये का गन्ना भुगतान बकाया है।
प्रशासन का कहना है कि नीलामी से प्राप्त राशि के जरिए किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराया जाएगा। लंबे समय से अपने भुगतान का इंतजार कर रहे किसानों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
