रिपोर्ट- गोविंद कश्यप
लखनऊ। मां अपने बच्चे की खुशियों के लिए हर मुश्किल का सामना करती है। सोमवार को लखनऊ में इसका भावुक उदाहरण देखने को मिला, जब सीतापुर की रोली तेज बारिश के बीच अपने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में पहुंचीं।
रोली ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बच्चा थैलेसीमिया से पीड़ित है और इलाज के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत है। उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चे के सिर पर हाथ फेरा और उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे के इलाज के लिए तत्काल अस्पताल से एस्टीमेट मंगवाने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम की ओर से मदद का भरोसा मिलने के बाद रोली की आंखों में राहत और उम्मीद नजर आई। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
इलाज में पैसे की कमी नहीं बनेगी बाधा
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि इलाज में धन की कमी बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सहायता से जुड़े मामलों में प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
एक-एक कर सुनीं लोगों की समस्याएं
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां पहुंचे लोगों से अपनत्व के साथ उनकी समस्याएं पूछीं। उन्होंने लोगों से पूछा कि वे कहां से आए हैं और उन्हें क्या परेशानी है। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
सीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी को परेशान या घबराने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में तेजी बरती जाए और जरूरतमंदों को समय पर सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाए।
