मुंबई। जियोस्टार ने देश के सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस के छह भाषा संस्करणों—हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला—को एक साथ लॉन्च करने की घोषणा की है। सितंबर 2026 से ये सभी संस्करण जियोस्टार के टीवी नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होंगे। यह पहली बार होगा जब देशभर के दर्शक अलग-अलग भाषाओं में बिग बॉस का रोमांच एक साथ देख सकेंगे।
इस सीजन में हिंदी संस्करण को सलमान खान, तमिल को विजय सेतुपति, तेलुगु को नागार्जुन, कन्नड़ को किच्चा सुदीप, मलयालम को मोहनलाल और पहली बार बांग्ला संस्करण को सौरव गांगुली होस्ट करेंगे।
इस मौके पर जियोस्टार ने ‘India’s Bigg Reality’ नामक देश की पहली डेटा-आधारित कॉफी टेबल बुक भी लॉन्च की, जिसमें बिग बॉस की दो दशक की यात्रा, सांस्कृतिक प्रभाव और दर्शकों की भागीदारी से जुड़े आंकड़े शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, वर्ष 2025 में बिग बॉस फ्रेंचाइज़ी ने 50 करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंच बनाई, 438 बिलियन व्यूइंग मिनट्स दर्ज किए और छह भाषाओं में 47 प्रतिशत सालाना एंगेजमेंट ग्रोथ हासिल की। वहीं, 625 से अधिक ब्रांड्स ने इस मंच के जरिए अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रचार किया।
जियोस्टार का कहना है कि बिग बॉस अब केवल एक रियलिटी शो नहीं, बल्कि भारत का सबसे बड़ा मल्टी-लैंग्वेज एंटरटेनमेंट इकोसिस्टम बन चुका है, जहां कंटेंट, दर्शकों की भागीदारी और ब्रांड्स को एक साथ जोड़ने का सफल मॉडल विकसित हुआ है।
