Homeउत्तर प्रदेशबिहार से NOC नहीं मिलने पर रुका यूपी की नई सड़क का...

बिहार से NOC नहीं मिलने पर रुका यूपी की नई सड़क का निर्माण, बलिया-बक्सर कनेक्टिविटी पर असर

बलिया: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बलिया जिले के बयासी गांव स्थित जनेश्वर मिश्र पुल से बिहार के बक्सर-कोईलवर तटबंध तक बनाई जा रही सड़क का निर्माण फिलहाल रोक दिया गया है। निर्माण कार्य बिहार के जल संसाधन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिलने के कारण रुका हुआ है।

यह सड़क परानपुर होते हुए चक्की गांव के सामने बक्सर-कोईलवर तटबंध से जुड़नी है। सड़क के अंतिम हिस्से और तटबंध के बीच करीब 25 से 30 मीटर भूमि बिहार सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती है, जिसके लिए एनओसी आवश्यक है।

निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि टुन्नू जी पाठक के अनुसार, बलिया के पथ निर्माण विभाग ने करीब एक माह पहले ही बक्सर प्रशासन को एनओसी के लिए आवेदन भेज दिया था, लेकिन अभी तक अनुमति जारी नहीं की गई है।

यूपी सीमा के भीतर लगभग नौ मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इस परियोजना के तहत कई बड़े पुल भी बनाए गए हैं। अब अंतिम हिस्से में बिहार की अनुमति मिलने के बाद ही सड़क को तटबंध से जोड़ा जा सकेगा।

यह सड़क परियोजना बलिया के उन गांवों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो गंगा के दक्षिणी हिस्से में स्थित हैं और जिनका संपर्क बिहार से अधिक सुगम है। सड़क पूरी होने के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच आवागमन आसान होगा और दोनों राज्यों के बीच संपर्क को नई मजबूती मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular