रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर ने जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसरोकारों से जुड़े तीन कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान में सेवा कार्यों के साथ राष्ट्र निर्माण और युवाओं से संवाद पर जोर दिया गया
अभियान के पहले चरण में गोविंद नगर स्थित जागेश्वर अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को फल वितरित किए गए। इसके बाद मोतीलाल खेड़िया स्कूल में ‘सपनों का भारत’ विषय पर नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।

तीसरे चरण में बर्रा स्थित आरएस एजुकेशन सेंटर में करियर काउंसलिंग का आयोजन हुआ। इसमें विद्यार्थियों से उनके लक्ष्य, रुचि और भविष्य की योजनाओं को लेकर संवाद किया गया।
जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का आधार है। संगठन समाज के बीच रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है। एमएलसी अरुण पाठक ने युवा मार्गदर्शन को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ा। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण की भावना और संस्कार विकसित करने पर जोर दिया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से संगठन सेवा कार्यों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद और संपर्क को मजबूत कर रहा है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, कार्यक्रम संयोजक सीमा, अतुल दीक्षित, संजीव चतुर्वेदी सहित भाजपा पदाधिकारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

