न्यूज डेस्क, लखनऊ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने संगठन और जनसंपर्क अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी प्रदेश में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्श प्रेक्षागृह में होने वाली कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
प्रदेश से बूथ तक बनेगी रणनीति
कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा पार्टी के छह क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला संयोजकों को भी बुलाया गया है। बैठक में अभियान को मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी।
बीजेपी की कोशिश है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सिर्फ संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनसंपर्क अभियान बनाया जाए। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
पार्टी का यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान को सेवा, समर्पण और जनसंपर्क से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान बीजेपी की ओर से विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदर्शनियां और दूसरे जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
वाराणसी मॉडल पर भी रहेगा फोकस
अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने की योजना है। वाराणसी में हुए विकास कार्यों और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभाव को लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
2027 चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने की तैयारी
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी लगातार संगठन को सक्रिय करने में जुटी है। अलग-अलग अभियानों के जरिए कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारने की रणनीति बनाई जा रही है। ऐसे में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को चुनाव से पहले पार्टी के बड़े जनसंपर्क अभियानों में शामिल माना जा रहा है।
प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में एक महीने के कार्यक्रमों की रूपरेखा के साथ यह भी तय किया जाएगा कि अभियान को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक किस तरह प्रभावी बनाया जाए। पार्टी का लक्ष्य जनसंपर्क के जरिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का है।
