लखनऊ: राजधानी के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा देने जा रही एक छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने चाकू की नोक पर छात्रा को आम के बाग में खींच लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई।
पीड़िता के मुताबिक, मंगलवार दोपहर वह परीक्षा देने कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान गांव के बाहर पहले से घात लगाए बैठे तेज बहादुर उर्फ तेजा ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवक ने गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन आम के बाग में ले गया।
छात्रा ने बताया कि आरोपी दुष्कर्म के इरादे से उसके कपड़े फाड़ने लगा। विरोध करने पर उसने मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। छात्रा का आरोप है कि शोर मचाने पर आरोपी ने उसका मुंह और गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया।
होश आने के बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर बीकेटी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
बीकेटी के एसीपी विकास पांडे ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी तेज बहादुर उर्फ तेजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
