लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र स्थित बीकामऊ खुर्द गांव में बुधवार सुबह एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बीकामऊ खुर्द निवासी कुलदीप सिंह (45) का शव उनके घर के पास स्थित एक जमीन में आम के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई।
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के पिता नरेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि मंगलवार रात कुलदीप के साथ कुछ रिश्तेदारों ने मारपीट की थी। पिता के मुताबिक राजकिशोर, रामेन्द्र और लक्कू ने उनके बेटे के साथ मारपीट करने के बाद उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया।
पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
