Homeउत्तर प्रदेशअमेठी करोड़ों के घोटाले की जांच में CBI की छापेमारी, अयोध्या समेत...

अमेठी करोड़ों के घोटाले की जांच में CBI की छापेमारी, अयोध्या समेत कई जिलों में कार्रवाई

अमेठी के वित्त एवं लेखा विभाग में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने बुधवार सुबह अयोध्या, लखनऊ, प्रतापगढ़ और कुशीनगर समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। अयोध्या में सीबीआई टीम के पहुंचने से लोगों में हड़कंप मच गया। शुरुआती तौर पर कई लोगों ने इसे राम मंदिर से जुड़े किसी मामले की जांच समझ लिया, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि कार्रवाई अमेठी के वित्तीय घोटाले से संबंधित है।

जानकारी के अनुसार, कोर्ट के आदेश पर चल रही जांच के तहत सीबीआई की टीम सुबह करीब सात बजे अयोध्या पहुंची। यहां कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित देवकाली पुलिस चौकी के पास पवन कुमार मालवीय के आवास पर जांच-पड़ताल की गई। टीम ने करीब एक घंटे तक दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच की तथा सुबह आठ बजे के आसपास कार्रवाई पूरी कर ली।

सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी अमेठी के वित्त एवं लेखा विभाग में हुए करोड़ों रुपये के कथित घोटाले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से की गई। सीबीआई की डीआईजी Shivani Tiwari के निर्देशन में विभिन्न जिलों में एक साथ कार्रवाई की गई।

हालांकि, सीबीआई की ओर से अभी तक बरामदगी या जांच से जुड़े किसी निष्कर्ष की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। मामले में जांच जारी है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular