राजधानी के हजरतगंज स्थित पार्क रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला काफी देर तक टावर के स्टील प्लेटफॉर्म पर बैठकर अपनी शिकायत को लेकर शोर मचाती रही। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर विभाग की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
महिला की पहचान आगरा के कैंट क्षेत्र स्थित श्याम विहार छोटी कॉलोनी निवासी तुलसा के रूप में हुई है। उसके साथ उसका नाबालिग बेटा भी मौजूद था, जो पूरे समय टावर के नीचे खड़ा रहा।

पूछताछ में महिला ने बताया कि वह आगरा पुलिस के खिलाफ शिकायत लेकर मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ आई थी। उसका आरोप है कि आगरा रेलवे स्टेशन पर उसके नाबालिग बच्चों को पुलिसकर्मियों ने चोरी के संदेह में रोककर उनके साथ मारपीट की। महिला का कहना है कि पुलिस ने बच्चों से करीब दो हजार रुपये छीन लिए और उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। विरोध करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर विभाग की टीम ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से महिला तक पहुंच बनाई। इस दौरान टीम लगातार महिला से बातचीत करती रही और उसे शांत रहने के लिए समझाती रही। काफी प्रयासों के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
रेस्क्यू के बाद महिला को हजरतगंज थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई और उसकी शिकायत दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जानकारी संबंधित विभाग को भेजी जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
