Homeउत्तर प्रदेशसीएम हेल्पलाइन कर्मचारियों का प्रदर्शन: महिला कर्मियों से पुलिस सख्ती पर बढ़ा...

सीएम हेल्पलाइन कर्मचारियों का प्रदर्शन: महिला कर्मियों से पुलिस सख्ती पर बढ़ा विवाद ……

लखनऊ। लखनऊ में सीएम हेल्पलाइन कर्मचारियों के प्रदर्शन का असर एक दिन बाद भी जारी है। इस बीच महिला कर्मचारियों के साथ पुलिस की सख्ती के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे मामला और गरमा गया है। अब बहस सिर्फ वेतन बढ़ोतरी तक सीमित नहीं रही, बल्कि कर्मचारियों के साथ हुए व्यवहार पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों को महिला कर्मचारियों को खींचते हुए बसों तक ले जाते देखा जा सकता है। कई महिलाएं विरोध करती नजर आती हैं, तो कुछ जमीन पर बैठकर नारेबाजी करती दिखती हैं। इस दौरान धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

दरअसल, सीएम हेल्पलाइन (1076) से जुड़े करीब 200 कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था और मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच करने की कोशिश की। महिला कर्मचारियों का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही थीं, लेकिन पुलिस ने बिना पर्याप्त बातचीत के बल प्रयोग किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 7000 रुपये मासिक वेतन में गुजारा करना मुश्किल है, खासकर महिला कर्मचारियों के लिए, जिन्हें घर और काम दोनों संभालना पड़ता है। उनका कहना है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिससे मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

वहीं, प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। यह मामला अब वेतन के साथ-साथ कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों से भी जुड़ गया है

RELATED ARTICLES

Most Popular