Homeउत्तर प्रदेशगुरु पूर्णिमा पर सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- देश विरोधी साजिशें...

गुरु पूर्णिमा पर सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- देश विरोधी साजिशें बर्दाश्त नहीं होंगी

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के समापन समारोह में देश विरोधी ताकतों, सनातन संस्कृति के विरोधियों और छात्र आंदोलनों को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ किसी भी तरह का षड्यंत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा और भारतीय संस्कृति व परंपराओं के प्रति समाज को सतर्क रहना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग पश्चिमी सोच से प्रभावित होकर भारतीय परंपराओं का विरोध करने को ही अपना उद्देश्य बना चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों का भी कुछ लोग विरोध करते हैं। सीएम योगी ने कहा कि ऐसे लोग देश के कुछ शैक्षणिक संस्थानों, जिनमें जेएनयू का भी उल्लेख किया, में देखने को मिलते हैं और पर्व-त्योहारों के दौरान जानबूझकर व्यवधान पैदा करने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ने सभी धर्मों, संप्रदायों और वंचित वर्गों को संरक्षण दिया है, लेकिन कुछ ताकतें इसे कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। उनके अनुसार, दुनिया की कई शक्तियां अपने स्वार्थ के लिए भारत की सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचाना चाहती हैं और समाज के कुछ लोग उनके विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

छात्र आंदोलनों पर भी की टिप्पणी

मुख्यमंत्री ने बिना किसी संगठन का नाम लिए कहा कि हाल के छात्र आंदोलनों के पीछे ऐसी ताकतें सक्रिय हैं जो देश को अस्थिर करना चाहती हैं। उन्होंने लोगों से राष्ट्र और भारतीय संस्कृति के खिलाफ होने वाले हर प्रयास के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

गुरु पूर्णिमा के महत्व पर दिया संदेश

गुरु पूर्णिमा के महत्व पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि गुरु केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शक ही नहीं होते, बल्कि माता-पिता, बड़े भाई, शिक्षक और दीक्षा गुरु भी सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए और समस्याओं का समाधान स्वयं करने की भावना विकसित करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो परिवार अपने संस्कारों और मूल्यों को मजबूत करेगा, वही समाज और राष्ट्र को भी मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि भारत की तेज़ी से हो रही प्रगति कुछ देशों को पसंद नहीं आ रही है, इसलिए समाज को राष्ट्रविरोधी और सांस्कृतिक साजिशों के प्रति हमेशा सजग रहना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular