रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे बेटों शैलेंद्र और महेंद्र ने मां को मुखाग्नि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 8:50 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। करीब 11:40 बजे पार्थिव शरीर हरिद्वार के चंडी घाट पहुंचा। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं।
मां को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हुए सीएम योगी
मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। उन्होंने पार्थिव शरीर को कंधा दिया और श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान घाट पर साधु-संतों, राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत भी सावित्री देवी को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
परिवार की परंपरा के अनुसार हरिद्वार में हुआ अंतिम संस्कार
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने के पीछे परिवार की परंपरा भी जुड़ी है। पंचूर गांव के लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार परंपरागत रूप से हरिद्वार में करते हैं। इसी परंपरा के तहत सावित्री देवी की अंतिम यात्रा को भी हरिद्वार लाया गया।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 21 अप्रैल 2020 को हुआ था। उस समय कोरोना संक्रमण के कारण बने हालात के चलते उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के बजाय फूलचट्टी घाट पर किया गया था।
