Homeउत्तर प्रदेशCM योगी आज अयोध्या और बस्ती को देंगे 937 करोड़ रुपये से...

CM योगी आज अयोध्या और बस्ती को देंगे 937 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या और बस्ती के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दोनों जिलों को कुल 937.04 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री दोनों स्थानों पर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह गोरखपुर रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:50 बजे अयोध्या के सोहावल पहुंचेंगे। यहां वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के पिता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अलावा 432.70 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे बस्ती के हरैया पहुंचेंगे। यहां कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।

बस्ती दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 504.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर बाद गोरखपुर पहुंचेंगे, जहां वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular