लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अयोध्या की पुरानी और मौजूदा तस्वीर साझा करते हुए प्रदेश की जनता को रामनगरी में हुए बदलावों से अवगत कराया।
उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अयोध्या उपेक्षा, अव्यवस्था और तुष्टीकरण का दंश झेलने को मजबूर थी। श्रद्धालुओं के लिए यात्रा कठिन थी, शहर की व्यवस्थाएं जर्जर थीं और स्थानीय परिवारों के विकास की संभावनाएं सीमित थीं।
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में अयोध्या को सभ्यता की जन्मभूमि, संस्कृति की प्राणधारा और आस्था की शाश्वत ज्योति बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या की प्राचीन गरिमा को आधुनिक विकास का नया विस्तार मिला है।
राम मंदिर से अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक बदली तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से लेकर रामपथ, धर्मपथ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आधुनिक रेलवे स्टेशन तक, अयोध्या में हुए निर्माण कार्य श्रद्धालुओं की सुविधाओं और रामनगरी के गौरव को बढ़ाने से जुड़े हैं। उनके मुताबिक, विकास का यह बदलाव अब अयोध्यावासियों के घर-आंगन तक पहुंच रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में बढ़ते पर्यटन से स्थानीय व्यापार को मजबूती मिल रही है। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं और स्थानीय परिवारों के सामने समृद्धि की नई संभावनाएं खुल रही हैं
विरासत और आधुनिकता के संग आगे बढ़ रही अयोध्या
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि कभी विकास की प्रतीक्षा करने वाली अयोध्या आज अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए प्रगति का नया अध्याय लिख रही है। असंख्य सनातनियों की आस्था, अस्मिता और आराधना का केंद्र रही रामनगरी अब ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
उन्होंने अयोध्या को सांस्कृतिक चेतना और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए कहा कि नगरी की प्राचीन पहचान के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
