Homeउत्तर प्रदेशराम मंदिर में CM योगी की अगवानी नहीं करेंगे चंपत राय, अयोध्या...

राम मंदिर में CM योगी की अगवानी नहीं करेंगे चंपत राय, अयोध्या दौरे से पहले बढ़ी चर्चा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह रामलला के दर्शन-पूजन के साथ रायगंज स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव में भी शामिल होंगे। हालांकि इस बार उनके राम मंदिर आगमन को लेकर एक अलग चर्चा भी तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय मुख्यमंत्री के राम मंदिर कार्यक्रम में अगवानी करते नजर नहीं आएंगे। जिला प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल निर्देशों में चंपत राय से अनुरोध किया गया है कि वह अपने स्थान पर किसी अन्य प्रतिनिधि को नामित करें और इसकी सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

यह निर्देश ऐसे समय में सामने आया है जब राम मंदिर की दान पेटिकाओं से कथित चोरी और चढ़ावे को लेकर विवाद चर्चा में है। हालांकि प्रशासन या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है।

अब तक राम मंदिर आने वाले अधिकांश वीआईपी और विशिष्ट अतिथियों की अगवानी स्वयं चंपत राय करते रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे में उनकी अनुपस्थिति को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान रायगंज स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव में शामिल होंगे तथा भगवान आदिनाथ मंदिर के मुख्य द्वार और भगवान भरत के 100 पुत्रों के मंदिर का लोकार्पण करेंगे। संस्था के अध्यक्ष स्वामी रविन्द्रकीर्ति के अनुसार मुख्यमंत्री जैन धर्म की प्रमुख साध्वी गणनी ज्ञानमती माता जी से भी आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ आशुतोष तिवारी ने पुलिस बल के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular