Homeउत्तर प्रदेशयूपी का ब्रांड बना बुलडोजर, जेवर में 1200 करोड़ से बनेगा ट्रैक्टर...

यूपी का ब्रांड बना बुलडोजर, जेवर में 1200 करोड़ से बनेगा ट्रैक्टर प्लांट: योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। प्रदेश में जब बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो देश ही नहीं, विदेशों में भी इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश को निवेश के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद गंतव्य बनाया है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के जेवर में 1200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से यह प्लांट स्थापित किया जाएगा। करीब 100 एकड़ क्षेत्र में बनने वाली इस इकाई से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है।

जेवर बनेगा औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र

सीएम योगी ने कहा कि जेवर आज निवेश के लिए देश के प्रमुख गंतव्यों में शामिल हो रहा है। कभी अपराध और अव्यवस्थाओं के कारण बदनाम रहने वाला यह क्षेत्र अब भारत के गहने के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र के विकास से यहां औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि जेवर और आसपास के क्षेत्रों में कई बड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। इनमें एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इनसे प्रदेश में निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

बीमारू राज्यों की सूची से निकलकर टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पिछड़ापन, पलायन और अराजकता बड़ी चुनौतियां थीं। लेकिन पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका है। कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला प्रदेश आज देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। राज्य एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 15 लाख करोड़ धरातल पर

सीएम योगी ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। वहीं, आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो चुकी है।

किसानों और युवाओं को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक औद्योगिक निर्माण को बढ़ावा देगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस निवेश से स्थानीय उद्योगों, किसानों और युवाओं को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कंपनी प्रबंधन को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में उद्योगों के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिलें।

इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार कर रही सरकार

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित किया जा रहा है। टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार की जा रही है।

आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

RELATED ARTICLES

Most Popular