राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान उत्तर प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सम्मानित विभूतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों ने देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
कला के क्षेत्र में चिरंजी लाल यादव को पद्मश्री सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि चिरंजी लाल यादव ने पिछले 50 वर्षों से अधिक समय तक कांसा नक्काशी कला को सहेजने और उसे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कृषि क्षेत्र में स्वर्गीय रघुपत सिंह को मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन पारंपरिक बीजों के संरक्षण और किसानों के हित में समर्पित किया। उनके कार्यों ने भारतीय कृषि और जैव विविधता संरक्षण को नई दिशा दी।
वहीं, प्रसिद्ध रंगकर्मी अनिल कुमार रस्तोगी को कला क्षेत्र में पद्मश्री मिलने पर सीएम ने कहा कि उन्होंने एक हजार से अधिक नाट्य प्रस्तुतियों और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाई है। उनका योगदान रंगमंच से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में प्रो. मंगला कपूर को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि संगीत और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है। दुर्लभ रागों के संरक्षण और कई मौलिक रचनाओं के माध्यम से उन्होंने भारतीय संगीत को समृद्ध किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी विभूतियों की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।
