मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और आवास व अन्य योजनाओं से संबंधित चाबियां वितरित कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की लाभार्थी आरती देवी को प्रमाण पत्र प्रदान किया। वहीं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत गीता सिंह को 40 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के लाभार्थी ब्रजमोहन शुक्ल को ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई। वहीं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत वैभव सिंह को 8 लाख रुपये का चेक दिया गया।
दिव्यांगजन पेंशन योजना के लाभार्थी हरिओम वर्मा को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया, जबकि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बेबी ऋषिका को भी सम्मानित किया गया।
स्वच्छता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनारा को गोनार्क स्वच्छता मार्ट की चाबी सौंपी गई। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत अंकित कुमार को 2.62 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में देवी प्रसाद को आयुष्मान वय वंदना कार्ड प्रदान किया गया। महेश को वृद्धावस्था पेंशन योजना का प्रमाण पत्र तथा तारावती को कन्या विवाह सहायता योजना के तहत 85 हजार रुपये का चेक दिया गया।
इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत पूजा और सरोज को 387 स्वयं सहायता समूहों के लिए बैंक क्रेडिट लिंकिंग के अंतर्गत 7.58 लाख रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की लाभार्थी ऊषा को आवास की चाबी भी सौंपी। वहीं मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए अभिषेक तिवारी और रुचि को स्टडी टेबल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाना है तथा प्रदेश सरकार इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
