मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को 691.74 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मोहम्मदाबाद नवीन मंडी समिति मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री कुल 268 परियोजनाओं में 83 परियोजनाओं का लोकार्पण और 185 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें 492.60 करोड़ रुपये की पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 199.14 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सीवर, पर्यटन, खेल और कानून व्यवस्था से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों को इन विकास कार्यों का लाभ मिलेगा।
लोकार्पण की प्रमुख परियोजनाओं में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के शैक्षणिक भवन एवं छात्रावास, मनिहारी-जखनिया-माधोपुर मार्ग का चौड़ीकरण, गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग का सुदृढ़ीकरण, नगर पालिका की सीवर परियोजनाएं तथा गंगा तट पर कटानरोधी कार्य शामिल हैं।
वहीं शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में अंडऊ-चौकिया बाईपास, जिला अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम, मेडिकल कॉलेज अस्पताल की बाउंड्री वॉल, नई पुलिस चौकियां, सिंथेटिक हॉकी मैदान, बहुउद्देशीय क्रीड़ांगन और धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
विधानसभावार देखें तो सदर विधानसभा को सबसे अधिक 63 परियोजनाएं मिली हैं। इसके अलावा जखनिया में 53, सैदपुर में 41, जहूराबाद में 40, मोहम्मदाबाद में 27, जंगीपुर में 24 और जमानिया में 20 विकास परियोजनाओं पर कार्य होगा।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से जिले की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और गाजीपुर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
