गोरखपुर, 5 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को त्वरित व पारदर्शी समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, “चिंता मत करिए, सरकार हर समस्या का प्रभावी समाधान कराएगी।” उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं का निस्तारण संवेदनशीलता के साथ और तय समय सीमा में किया जाए।

जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी स्वयं लोगों के पास पहुंचे, उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी दबंग द्वारा अवैध कब्जे पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को भी मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर मरीजों के इलाज का एस्टीमेट तुरंत तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जनता दर्शन में आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की, उन्हें दुलार किया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।

गोसेवा और मंदिर दर्शन
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रातःकाल भगवान गोरखनाथ के दर्शन किए और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेका।
इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गोशाला का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गोवंश को दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। गोसेवा को उन्होंने अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बताया।
