गोरखपुर, 27 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उन्होंने करीब 200 फरियादियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंदों के इलाज और आवास की व्यवस्था सरकार कराएगी तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद की सहायता और प्रत्येक जनसमस्या के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से लिया जाए।
जनता दर्शन में एक महिला ने आवास न होने की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सरकारी योजना के तहत मकान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा।
एम्स दिल्ली में इलाज करा रही एक महिला को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता देने का आश्वासन दिया गया, जबकि एक अन्य महिला के इलाज की व्यवस्था गोरखपुर एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दबंग को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट देकर पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और अभिभावकों से उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।
