हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस के सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों में 548 करोड़ रुपये की लागत से 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने का दावा करने से पहले समाजवादी पार्टी को अपना इतिहास देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि रामभक्तों ने अपने परिश्रम और आस्था से अयोध्या को विश्वस्तरीय पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं, राम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध किया गया और कांवड़ यात्रा व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों पर भी प्रतिबंध लगाए गए। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव वास्तव में धार्मिक आस्था का सम्मान करते हैं तो उन्हें अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने चाहिए। साथ ही उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी समाजवादी पार्टी से स्पष्ट रुख अपनाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां, स्मार्टफोन, आयुष्मान कार्ड और युवा उद्यमी योजना के तहत सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। इसी दौरान उन्होंने एक नन्ही बच्ची को गोद में लेकर चम्मच से दूध पिलाया और स्नेह जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और माफिया राज के लिए जाना जाता था, जबकि आज प्रदेश कानून व्यवस्था और विकास का मॉडल बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में मोहर्रम के दौरान प्रदेशभर में करीब 12 हजार जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा, उपद्रव या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी। सरकार की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश बढ़ा है और विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि हाथरस में औद्योगिक विकास तेजी से हो रहा है तथा सड़क संपर्क बेहतर होने से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही आलू उत्पादक किसानों के लिए प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित करने की योजना का भी उल्लेख किया, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने हमेशा समाज और राष्ट्रहित के विपरीत कार्य किए हैं। उन्होंने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर संविधान की भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि आज वही दल संविधान बचाने की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया। इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर, बीरेंद्र सिंह राणा, प्रदीप कुमार सहित भाजपा और सहयोगी दलों के कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
