मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जनपदों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों के पास पहुंचकर उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे परेशान न हों। सरकार हर उचित समस्या का प्रभावी और निष्पक्ष समाधान कराएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर किया जाए और किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
अपराध और जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में अपराध और जमीन पर जबरन कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं, इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों के प्रार्थना पत्रों पर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों से इलाज का एस्टिमेट तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि एस्टिमेट प्राप्त होते ही पात्र लोगों को इलाज के लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में जानकारी ली और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें। इसके साथ ही खेल, गीत-संगीत, कला और नाट्य जैसी अन्य विधाओं में भी प्रशिक्षण लेकर अपनी प्रतिभा को निखारें। सीएम योगी ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो।
