गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 125 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही न हो। हर शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए समयबद्ध और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “चिंता मत करिए, आपकी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई होगी। सरकार हर जरूरतमंद की मदद के लिए प्रतिबद्ध है।”

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के बीच मुख्यमंत्री खुद पहुंचे। उन्होंने एक-एक व्यक्ति की समस्या सुनी और उनके प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को शिकायतें संदर्भित करते हुए निष्पक्षता के साथ उनका समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।
इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को दिया भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि पैसे की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज के लिए जल्द से जल्द एस्टीमेट तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए। एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों को दुलार कर दी चॉकलेट
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की समस्याएं सुनने के साथ बच्चों से भी आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों को प्यार और दुलार करते हुए आशीर्वाद दिया और चॉकलेट भी भेंट की।
