लखनऊ में सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक मेधावी छात्रा ने आर्थिक तंगी के कारण बीटेक की पढ़ाई जारी रखने में आ रही कठिनाइयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
छात्रा अपनी वृद्ध मां के साथ जनता दर्शन में पहुंची थी। उसने बताया कि उसने इंटरमीडिएट परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की है और बीटेक करना चाहती है, लेकिन आर्थिक स्थिति बाधा बन रही है। मुख्यमंत्री ने उसकी मार्कशीट देखने के बाद उसे पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी और लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में प्रवेश दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी गरीब या जरूरतमंद छात्र की शिक्षा में आर्थिक अभाव को बाधा नहीं बनने देगी। मुख्यमंत्री के आश्वासन से छात्रा और उसकी मां ने राहत महसूस की और उनका आभार व्यक्त किया।
जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों ने पुलिस की कथित लापरवाही और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों में कार्रवाई न होने की शिकायत भी मुख्यमंत्री से की। इस पर सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, पीड़ितों को न्याय मिले और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का जल्द समाधान कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अपनी समस्याओं को लेकर पहले जिला और मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क करें, क्योंकि कई मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव है। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों से अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की अपील की।
