Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी बोले- कृषि विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे बदलेंगे कुशीनगर की तस्वीर,...

सीएम योगी बोले- कृषि विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे बदलेंगे कुशीनगर की तस्वीर, इसी सत्र से शुरू होगी पढ़ाई

कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को निर्माणाधीन गौतमबुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पूर्वांचल के किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

निरीक्षण के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय में इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। स्थायी परिसर का निर्माण पूरा होने तक शुरुआती दो-तीन माह के लिए किराए के भवन में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल कृषि प्रधान क्षेत्र है और इस विश्वविद्यालय की स्थापना किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती और कृषि अनुसंधान का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होगा, बल्कि कृषि अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विश्वविद्यालय में होने वाले शोधों का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने में मदद मिलेगी। यह संस्थान किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कुशीनगर में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था और तेजी से विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे और नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई पहचान देंगी।

उन्होंने कहा कि कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सौगात पहले ही मिल चुकी है, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। आने वाले समय में फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना से किसानों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कृषि विश्वविद्यालय, आधुनिक सड़क नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और औद्योगिक निवेश की योजनाएं मिलकर कुशीनगर को पूर्वांचल के विकास का प्रमुख केंद्र बनाएंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular