लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कुकरैल रेंज, अवध वन प्रभाग में ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कपूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने आंवला, वन राज्यमंत्री केपी मलिक ने नीम तथा विधायक ओपी श्रीवास्तव ने आंवला का पौधा रोपित किया।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एक साथ 200 से अधिक पौधे लगाए गए। इस अवसर पर महर्षि चरक औषधि वन की भी स्थापना की गई। कार्यक्रम में मौजूद स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ सेल्फी ली और उन्हें मिष्ठान भी वितरित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से मां और मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मां हर व्यक्ति के लिए सबसे प्रिय होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि आज पूरा विश्व पर्यावरण संबंधी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। जलवायु परिवर्तन, अतिवृष्टि और अनावृष्टि जैसी समस्याएं मानव जीवन को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह संकट मानव निर्मित है और इसका समाधान भी मानव को ही निकालना होगा।
मुख्यमंत्री ने लोगों से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले कारकों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे को सार्वजनिक स्थलों, जल स्रोतों, उद्यानों और जंगलों में नहीं फेंकना चाहिए।
जल संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सुरक्षित करने का प्रयास होना चाहिए। साथ ही पेड़ों की रक्षा करते हुए हर महत्वपूर्ण अवसर पर पौधरोपण करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाभियान का शुभारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री ने छात्रों और आमजन से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
