लखनऊ, 17 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर मां कालरात्रि के स्वरूप की आराधना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अधर्म, अत्याचार और आतंक का अंत ही न्याय, शांति और निर्भय समाज की स्थापना का आधार है। मां कालरात्रि का स्वरूप दुष्टों और आसुरी शक्तियों का संहार कर धर्म की स्थापना तथा भक्तों को अभय प्रदान करने का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में मां कालरात्रि की महिमा का उल्लेख करते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और नारी सशक्तीकरण के मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
माफिया और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस का दावा
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के आतंक के कारण भय और अराजकता का माहौल था। इससे महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन के रास्ते में बाधाएं खड़ी होती थीं। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति ने ऐसी शक्तियों पर अंकुश लगाकर कानून का राज और भयमुक्त वातावरण स्थापित किया है।
महिला सुरक्षा के लिए कई पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति, 1090 हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग और सेफ सिटी परियोजना जैसी पहलों के जरिए महिलाओं को घर से लेकर सड़क, शिक्षण संस्थानों और कार्यस्थलों तक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2016 में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम जहां 65 मिनट था, वहीं अब घटकर पांच मिनट रह गया है। मुख्यमंत्री ने इसे कानून-व्यवस्था में सुधार और महिला सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
महिला श्रम बल भागीदारी में वृद्धि का दावा
सीएम योगी ने कहा कि सुरक्षा के माहौल से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश में महिला श्रम बल भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति अब अर्थशक्ति बनकर उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को गति दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्योग, सेवा और उद्यमिता समेत विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को प्रदेश की विकास यात्रा के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं का योगदान उत्तर प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) और प्रति व्यक्ति आय में हुई तीन गुना वृद्धि में भी अहम रहा है।
