न्यूज डेस्क, लखनऊ
*लखनऊ। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
रविवार को मुख्यमंत्री बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध मां पाटेश्वरी देवी शक्तिपीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां भगवती के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के कल्याण और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने की कामना की। उन्होंने नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री के चरणों में नमन करते हुए श्रद्धालुओं के जीवन में आत्मबल, धैर्य और सकारात्मक ऊर्जा के संचार की प्रार्थना की
सीएम योगी ने कामना की कि मां भगवती की कृपा से समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि का विस्तार हो। उन्होंने कहा कि हर घर सुख-मंगल से आलोकित रहे और सभी प्रदेशवासियों पर मां दुर्गा की कृपा बनी रहे।
नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का विशेष अवसर है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालु मां भगवती की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना करते हैं। मुख्यमंत्री का संदेश भी इसी आस्था, जनकल्याण और सामाजिक सद्भाव की भावना पर केंद्रित रहा।
